मुरैना , जुलाई 27 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने सोमवार को कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त आधारशिला है तथा सांदीपनि विद्यालयों की स्थापना से शासकीय विद्यालयों में भी निजी विद्यालयों के समान आधुनिक संसाधनों से युक्त, गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचार आधारित शिक्षा का वातावरण उपलब्ध होगा।
श्री तोमर ने सोमवार को सबलगढ़ में 34 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा तथा प्रदेश सरकार की पहल पर मध्यप्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में सांदीपनि विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन विद्यालयों का नाम भगवान श्रीकृष्ण के गुरु महर्षि सांदीपनि की स्मृति में रखा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 323 सांदीपनि विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। मुरैना जिले में 13 सांदीपनि विद्यालय स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से आठ का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि पांच विद्यालय निर्माणाधीन हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ आधारभूत संरचना के विकास को भी समान प्राथमिकता दे रही है। नेपरी, सिकरौदा एवं अटारघाट जैसे पुलों के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सबलगढ़ का सांदीपनि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनकर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में मुरैना जिले के प्रभारी एवं राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि नवीन विद्यालय भवन आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विज्ञान, तकनीक, कला, खेल तथा व्यावसायिक शिक्षा का समुचित वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि 34 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से लगभग 11,966 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित इस भवन में स्मार्ट कक्षाएं, विज्ञान एवं कम्प्यूटर प्रयोगशालाएं, स्टेम लैब, पुस्तकालय, कला एवं संगीत कक्ष, व्यावसायिक प्रशिक्षण कक्ष, बहुउद्देशीय हॉल, भोजनशाला, चिकित्सा कक्ष सहित सभी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। परिसर में सीसीटीवी, पीए सिस्टम, अग्निशमन व्यवस्था, पार्किंग, चिल्ड्रन पार्क, बाउंड्रीवाल, स्ट्रीट लाइट और लैंडस्केपिंग की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
इस अवसर पर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि जिले में विकसित हो रहे सांदीपनि विद्यालय विद्यार्थियों को उत्कृष्ट एवं प्रतिस्पर्धी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। वहीं सबलगढ़ विधायक सरला रावत ने कहा कि क्षेत्रवासियों की आधुनिक विद्यालय की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षा अब पूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि सबलगढ़ में पीएमश्री विद्यालय भी स्वीकृत हो चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित