बैतूल , अगस्त 29 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शासकीय विद्यालयों की अधोसंरचना, सौंदर्यीकरण और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को शनिवार को सम्मानित किया गया। शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत आयोजित सम्मान समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उत्कृष्ट योगदान देने वालों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर विधायक हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे तथा कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सम्मानित व्यक्तियों एवं संस्थाओं के कार्यों की सराहना की।

अभियान के अंतर्गत बंदीछोड़ कबीर परमेश्वर सेवा समिति द्वारा हायर सेकेंडरी स्कूल जामठी, हायर सेकेंडरी स्कूल बानूर और हायर सेकेंडरी स्कूल खेड़ी कोर्ट में अधोसंरचना विकास के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों को सम्मान मिला। समिति ने विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं के विकास और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में योगदान दिया है।

इसी क्रम में शिक्षक मोहम्मद शकील खान को प्राथमिक स्कूल अक्कलवाड़ी के सौंदर्यीकरण और कायाकल्प के लिए किए गए प्रयासों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। उन्होंने विद्यालय परिसर को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वहीं, जिला समन्वयक (नीट एवं जेईई) नीलेश्वर कालभोर को विद्यार्थियों को नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने तथा इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि शिक्षा संजीवनी अभियान का उद्देश्य समाज, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता से शासकीय विद्यालयों को बेहतर बनाना है। सामूहिक प्रयासों से विद्यालयों का कायाकल्प होने के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों और संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी जिले की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित