दरभंगा , सितंबर 03 -- िहार के दरभंगा जिले में "शिक्षा बचाओ-स्कूल कॉलेज ठीक करो" अभियान के तहत गुरुवार को देकुली स्थित प्लस-टू विद्यालय के मुख्य द्वार पर छात्रों, अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने धरना देकर विद्यालय के लिए भूमि एवं भवन समेत बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था करने की मांग की।धरनार्थियों ने विद्यालय की घेराबंदी, पर्याप्त शिक्षक एवं कर्मचारियों की नियुक्ति, छात्र-छात्राओं के लिए आधारभूत संरचना, शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था सहित अन्य मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

धरना सभा की अध्यक्षता आइसा नेता गोपाल कुमार एवं आरवाईए नेता हरिश्चंद्र पासवान ने की।

सभा को संबोधित करते हुए आइसा नेता प्रिंस राज ने आरोप लगाया किभारतीय जनता पार्टी (भाजपा- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) सरकार के कार्यकाल में प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक की व्यवस्था बदहाल है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्लस-टू विद्यालय खोलने की घोषणा तो कर दी गई, लेकिन कई विद्यालयों के संचालन के लिए भूमि एवं भवन की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने दावा किया कि जिले में कई प्लस-टू विद्यालय भूमि एवं भवन की समस्या से जूझ रहे हैं।

श्री राज ने सरकार से देकुली प्लस-टू विद्यालय के लिए अविलंब पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराने तथा स्थायी भवन का निर्माण कराने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित