पटना , अगस्त 06 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार को कहा कि उनका विभाग 31 अक्तूबर शिक्षकों की ज्यादातर समस्याओं को सुलझा लेगा, जिससे भविष्य में प्रदेश के विद्यालयों में पठन-पाठन के लिए बेहतर वातावरण बनाने में मदद मिलेगी।
श्री तिवारी ने आज संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि भविष्य में सरकारी विद्यालयों का स्तर शिक्षा की गुणवता के हिसाब से निजी विद्यालयों के समकक्ष हो, इस दिशा में उनका विभाग लगतार काम कर रहा है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग में सुधारों के क्रम में प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों के समायोजन एवं समानुपातीकरण के लिए आवेदन की प्रक्रिया का पहला चरण सफल रहा है और इस दौरान 73151 शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए स्वैछिक आवेदन किया है।
श्री तिवारी ने कहा कि 29 जुलाई को 106287 अधिशेष शिक्षकों के स्वैछिक स्थानांतरण के लिए आवेदन मंगाए गए थे और अब 05 अगस्त को पोर्टल आवेदन के लिए बंद करने तक 73151 शिक्षकों के आवेदन प्राप्त हुए हैं और ये आंकड़े उत्साहजनक हैं। इस प्रक्रिया में महिला शिक्षकों को यह सुविधा दी गई थी, वह अपने पंचायत के पास वाले पंचायत में और पुरुष अपने ब्लॉक के पास वाले ब्लॉक में स्थानांतरण के लिए आवेदन दे सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित