पटना , मार्च 25 -- शिक्षा विभाग ने 'टीचर ऑफ द मंथ' के तहत फरवरी माह में राज्य के 22 शिक्षकों को सम्मानित किया है।

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने राज्य के चयनित शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।

गौरतलब है कि राज्य सरकार ने सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को प्रोत्साहन देने के लिए 'टीचर ऑफ द मंथ' से सम्मानित करने का निर्णय लिया है, जिससे प्रखंड स्तर पर बेहतर करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जा सके। इसके लिए प्रत्येक माह में 01 से 10 तारीख तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि निर्धारित किया गया है। इसके बाद शिक्षकों के असाधारण शिक्षण कौशल, समर्पण, छात्रों पर सकारात्मक प्रभाव और स्कूल/शिक्षा विभाग के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के आधार पर उनका चयन किया जाता है।

'टीचर ऑफ द मंथ' के तहत फरवरी माह में राज्य के 22 शिक्षकों का चयन किया गया है, जिसमें भोजपुर जिले के नौ, खगडि़या जिले के छह, मुजफ्फरपुर जिले के तीन, समस्तीपुर जिले के एक, मधेपुरा जिले के एक, किशनगंज जिले के एक और कैमूर के एक शिक्षक शामिल है। इन चयनित शिक्षकों को अपर मुख्य सचिव डॉ. बी राजेंद्र ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित