पटना , सितंबर 16 -- बिहार सरकार शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया के तीसरे चरण के लिए संशोधित समय-सारणी जारी की है।

इसके तहत समायोजन और पारस्परिक स्थानांतरण के बाद संशोधित विद्यालयवार रिक्तियों का प्रकाशन एक अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, सामान्य स्थानांतरण के लिए शिक्षक चार से 10 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस दौरान शिक्षक अपनी वरीयता के अनुसार विद्यालयों का विकल्प चुन सकेंगे।

अधिसूचना में बताया गया है कि जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समिति द्वारा शिक्षकों की सामान्य स्थानांतरण सूची का प्रकाशन तथा स्थानांतरण सूची पर अपील और अपीलों के निष्पादन की प्रक्रिया 12 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 तक पूरी की जाएगी।

विभाग ने कहा है कि बिहार के विभिन्न जिलों में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा की गंभीर स्थिति के कारण पहले और दूसरे चरण की निर्धारित गतिविधियों को समय पर पूरा करने में अपरिहार्य विलंब हुआ है। इसके अलावा तीसरे चरण में 16 सितंबर से विद्यालयवार संशोधित रिक्तियों के प्रकाशन और 17 से 23 सितंबर तक शिक्षकों से सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया में तकनीकी एवं व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आ रही थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित