नयी दिल्ली , जुलाई 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के श्री धर्मेंद्र प्रधान के फैसले का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी 2020) और शिक्षा के संबंधित अन्य पहलों में उनकी भूमिका की सराहना की है।
श्री नवीन ने श्री प्रधान के इस्तीफे की प्रति सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि शिक्षा मंत्री के तौर पर श्री प्रधान ने शिक्षा क्षेत्र में सुधार लाने और ऐतिहासिक एनईपी 2020 और अन्य पहलों को सफलतापूर्वक लागू करने में अहम भूमिका निभायी है। उन्होंने कहा, " व्यापक हितों को प्राथमिकता देते हुए उनका पद छोड़ने का निर्णय सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और निस्वार्थ सेवा के उच्चतम मानदंडों को दर्शाता है। पार्टी इस निर्णय में श्री प्रधान के साथ मजबूती से खड़ी है। मैं उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।"वहीं दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि विद्यार्थियों के आंदोलन के समाधान की प्रक्रिया के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा युवाओं से सुझाव मांगने का तरीका अभूतपूर्व था और इस मुद्दे के समाधान के बाद युवाओं के बीच प्रधानमंत्री की लोकप्रियता और भी मजबूत हुयी है। देश का युवा कल भी श्री मोदी के साथ था, आज भी है और आगे भी उनके साथ रहेगा, क्योंकि श्री मोदी ने युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में स्वयं को खरा साबित किया है।
उन्होंने विपक्षी नेताओं, विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके द्वारा छात्र आंदोलन को हिंसक बनाने के उद्देश्य से दिए गये भड़काऊ भाषणों ने देश की जनता के साथ-साथ युवाओं के सामने भी उनके असली चेहरे को उजागर कर दिया है। पुलिस की चेहरा पहचान प्रणाली के माध्यम से 2,500 से अधिक आपराधिक चेहरों की पहचान होना यह स्पष्ट करता है कि आपराधिक तत्व खतरनाक तरीके से आंदोलन में घुसपैठ कर चुके थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित