पटना , सितंबर 6 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले गोपालगंज के दो खिलाड़ियों को यात्रा एवं अन्य आवश्यक खर्चों के लिए दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
श्री तिवारी ने रविवार को मुख्यमंत्री की घोषणा के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस पहल से दोनों खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने में मदद मिलेगी। उन्होंने रिया सिंह और भवानी सिंह को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के रामपुर की निवासी रिया सिंह और बरौली प्रखंड के रतनसराय निवासी भवानी सिंह अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर गोपालगंज के साथ बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ी 16 से 21 सितंबर तक दक्षिण कोरिया के चिन्चुन शहर में आयोजित विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित