कोटा , जून 17 -- राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा है कि देश की वर्तमान शिक्षा प्रणाली और परीक्षा व्यवस्था से लाखों विद्यार्थी और लाखों परिवार पीड़ित हो चुके हैंश्री पायलट ने कोटा में बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि जिस तरह नीट का पेपर लीक हुआ और 22 लाख विद्यार्थियों के साथ धोखा हुआ, उससे उनका विश्वास टूट गया है। केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच बिठाई गयी, लेकिन अभी तक न तो केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र ने इस्तीफा दिया है और न ही इस मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई की गयी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जो अभियान शुरू किया है, वह देश की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। देश के नौजवान अपना भविष्य ढूंढते हैं, इन परीक्षाओं में मेहनत करते हैं और पूरा परिवार अपना पेट काटकर एक संतान को पढ़ाने लायक बनाता है। उसके साथ धोखा होता है और लगातार राजस्थान समेत पूरे देश में कई नौजवानों को आत्महत्या करने पर मजबूर किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था है, इसके विरुद्ध में नौजवान विद्यार्थियों से संवाद करने के लिए जिम्मेदारी तय करने के लिए श्री गांधी ने जो मुहिम छेड़ी है। उसकी शुरुआत आज कोटा से होने जा रही है और बड़ी संख्या में कोटा में जो बच्चे पढ़ते हैं, छात्र हैं, युवा लोग हैं, जो चिंतित हैं, भविष्य के बारे में उनसे संवाद करेंगे और सरकार जो बिल्कुल सोई हुई है और हर जुल्म से मुंह फेर रही है, आंख मूंद लेती है। इतने लाखों बच्चों का जीवन बर्बाद होने के बाद भी अगर सरकार के कान पर जू नहीं रेंग रही है, तो उनको जगाने का काम सरकार की आंख खोलने का काम श्री गांधी करेंगे और उसी उद्देश्य को लेकर आज वह कोटा में यहां नौजवानों से संवाद एवं चर्चा करेंगे।

श्री पायलट ने कहा कि बड़ा दुख है कि कोटा में श्री गांधी के दौरे को लेकर यहां की सरकार ने पूरा एक ऐसा दबाव बनाया हुआ है कि सारे झंडे बैनर पोस्टर श्री गांधी के हटा दिये हैं और लोगों पर दबाव है कि वे न जायें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित