श्रीगंगानगर , जून 29 -- राजस्थान में सरकारी विद्यालयों के भौतिक विकास और शिक्षा के उन्नयन में अपना उत्कृष्ट योगदान देने वाले दानदाताओं के सम्मान में सोमवार को श्रीगंगानगर में नयी धान मंडी में ट्रेडर्स एसोसिएशन हॉल में जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया।

समारोह में जिला कलेक्टर अमित यादव द्वारा समाज के उन चुनिंदा भामाशाहों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने निस्वार्थ सहयोग से शिक्षा के मंदिरों की तस्वीर बदलने का पुनीत कार्य किया है। समारोह में रायसिंहनगर क्षेत्र का विशेष दबदबा रहा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लखाहाकम के विकास में अद्वितीय योगदान देने के लिए चक 82 आरबी निवासी भामाशाह देवीलाल ठोलिया और उनके पुत्र रायसिंहनगर क्रय विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष राकेश ठोलिया को एक साथ सम्मानित किया गया।

देवीलाल ठोलिया ने व्यक्तिगत तौर पर 1 लाख पांच हजार रुपए का दान देकर लखाहाकम स्कूल में आधुनिक स्टेज शैड, सेल्फी पॉइंट और सौंदर्यीकरण का कार्य करवाया है। वहीं, उनके पुत्र राकेश ठोलिया के विशेष प्रयासों से सीडब्ल्यूसी के सीएसआर फंड के तहत 16 लाख 43 हजार 531 रुपए से लखाहाकम पंचायत के सभी स्कूलों और काकूसिंहवाला स्कूल में हाइब्रिड इन्वर्टर एव बैटरी बैकअप सहित सोलर पैनल स्थापित किए गए हैं। इस दौरान क्रय विक्रय सहकारी समिति के मुख्य व्यवस्थापक योगेश अग्रवाल भी मौजूद रहे ।

इन विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में काकूसिंहवाला स्कूल की उप प्रधानाचार्य रचना चौधरी की मुख्य भूमिका रही, जिन्होंने एक प्रेरक के रूप में इस दान को सही दिशा दी। हमारी लाडो फाउंडेशन के माध्यम से बालिका शिक्षा और किशोरी कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहीं रचना चौधरी को भी उनके इस उत्कृष्ट योगदान के लिए शिक्षा विभाग द्वारा विशेष तौर पर सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित