सागर , अप्रैल 01 -- मध्यप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि हर घर में शिक्षा का दीप जले और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह प्रकाश है, जो अज्ञानता के अंधकार को दूर करती है।

श्री राजपूत सागर स्थित सांदीपनि विद्यालय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय में आयोजित प्रवेश उत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति जागरूकता, नए सपनों की शुरुआत और उज्ज्वल भविष्य की ओर पहला कदम है। प्रवेश उत्सव का मुख्य उद्देश्य हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ना और उसे शिक्षा के माध्यम से सफल बनाना है।

उन्होंने कहा कि जब कोई बच्चा पहली बार विद्यालय की दहलीज पर कदम रखता है, तो वह केवल स्कूल में प्रवेश नहीं करता, बल्कि ज्ञान, संस्कार और आत्मनिर्भरता की दुनिया में प्रवेश करता है। आज भी कई बच्चे विभिन्न कारणों से शिक्षा से वंचित हैं, ऐसे में यह आवश्यक है कि हम सभी मिलकर प्रयास करें कि हर घर का हर बच्चा स्कूल जाए।

कार्यक्रम में राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल से संयुक्त संचालक प्राचीश जैन, लोक शिक्षण सागर संभाग के संयुक्त संचालक शत्रुंजय प्रताप सिंह बिशेन तथा जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि संदीपनी विद्यालय के माध्यम से सर्वसुविधायुक्त शिक्षा प्रदान की जा रही है और सरकार बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

विद्यालय के प्राचार्य विनय दुबे ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर मंत्री श्री राजपूत ने मेधावी एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रचना तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. गिरीश मिश्रा ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित