दरभंगा , अक्टूबर 01 -- ारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा माले) पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेंद्र झा ने कहा कि छात्र-युवाओं के शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों को व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन से जोड़ने की जरूरत है।
श्री झा ने गुरुवार को भाकपा मालेजिला कार्यालय में "शिक्षा और लोकतंत्र बचाने के लिए जेन-जी का बढ़ता आंदोलन और हमारे कार्यभार" विषय पर आयोजित परिचर्चा को संबोधित करते हुए कहा कि आज की जेन-जी केवल तकनीक और सामाजिक माध्यमों की पीढ़ी नहीं है, बल्कि वह अपने भविष्य, शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल उठा रही है। देश के विभिन्न हिस्सों में युवाओं की सक्रियता इसका संकेत है।उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेजों की स्थिति सुधारने को लेकर बड़े आंदोलन की जरूरत है। शिक्षा को महंगा और रोजगार को कठिन बनाया जाना युवाओं के सामने बड़ी चुनौती है। सरकारी शिक्षण संस्थानों को मजबूत करने के बजाय शिक्षा के निजीकरण से आम और गरीब परिवारों के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करना कठिन होता जा रहा है। उन्होंने शिक्षा सुधार के साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मुहिम से भी जुड़ने की अपील की।
भाकपा माले जिला सचिव बैद्यनाथ यादव ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता, परीक्षा परिणाम में देरी, फीस वृद्धि, विश्वविद्यालयों में छात्र लोकतंत्र पर अंकुश, बेरोजगारी और रोजगार के सीमित अवसर जैसे सवाल सीधे युवाओं के भविष्य से जुड़े हैं। इन मुद्दों पर छात्र-युवाओं की व्यापक भागीदारी के साथ लोकतांत्रिक संघर्ष को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
जसम के जिला अध्यक्ष प्रो. राम बाबू आर्य ने कहा कि जेन-जी के बीच उभर रही राजनीतिक और सामाजिक चेतना को सकारात्मक लोकतांत्रिक दिशा देना महत्वपूर्ण कार्यभार है। उन्होंने कहा की युवाओं की ऊर्जा को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के संघर्ष से जोड़ना होगा।
आरवाईए के प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप कुमार चौधरी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों पर गंभीर बहस की जरूरत है। सरकारी स्कूलों और कॉलेजों की स्थिति सुधारने, विश्वविद्यालयों को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने, शोध एवं उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ युवाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार की व्यवस्था प्राथमिकता होनी चाहिए।
वरिष्ठ नेता आर.के. सहनी ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सवाल पूछने का अधिकार, संगठन बनाने की आजादी और संस्थानों में लोकतांत्रिक भागीदारी से मजबूत होता है। शिक्षा संस्थानों में लोकतांत्रिक वातावरण बनाए रखना जरूरी है।
परिचर्चा में छात्र-युवा आंदोलन के आगामी कार्यक्रमों, शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े स्थानीय सवालों तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक अभियान चलाने पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने जेन-जी के सवालों को सामाजिक माध्यमों तक सीमित न रखकर जमीनी आंदोलनों से जोड़ने की जरूरत बताई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित