भिवानी , सितंबर 05 -- हरियाणा के भिवानी में शिक्षक दिवस के अवसर पर साहित्य संस्कृति एवं कला को समर्पित त्रिवेणी संस्था की ओर से शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 75 से अधिक उत्कृष्ट शिक्षकों एवं प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव एवं अतिरिक्त उपायुक्त बाबूलाल करवा समारोह के मुख्य अतिथि रहे, जबकि डॉक्टर शिवकांत शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ओपी नंदवानी ने की और मंच संचालन दीपमाला शर्मा ने किया। इस दौरान डॉक्टर विजेंद्र गाफिल, संजय दुआ, कुमारी छवि, कुमार मुकेश और राजेश बजाज ने विशेष प्रस्तुतियां दीं।

सम्मानित शिक्षकों को गीता की पुस्तकें, काव्य संकलन 'बांगर भूमि', प्रशस्ति पत्र और सम्मान पट्टिका प्रदान की गई। श्री बाबूलाल करवा ने कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षक ही बच्चों को सही दिशा दिखाते हैं और उनके व्यक्तित्व को निखारते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने का हौसला भी देते हैं।

डॉक्टर शिवकांत शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज का सच्चा शिल्पकार है। समर्पित शिक्षकों के परिश्रम से ही सशक्त और अनुशासित राष्ट्र की नींव मजबूत होती है। ऐसे सम्मान समारोह शिक्षकों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित