इटावा , अक्टूबर 23 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों की जीत का दावा करते हुए कहा कि इस चुनाव को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के नजरिये से देखना उचित नहीं है।

सैफई के क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर शुक्रवार को मतदान करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रो. यादव ने कहा कि अलीगढ़, इटावा, फिरोजाबाद और आगरा में सपा की स्थिति मजबूत है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी आकाश अग्रवाल और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सपा प्रत्याशी भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे।

उन्होंने बताया कि औरैया में मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर गड़बड़ी और मतदाताओं को परेशान किए जाने की सूचना मिली थी। इस संबंध में उन्होंने तत्काल चुनाव आयोग और जिले के पुलिस अधीक्षक से बात की, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। उन्होंने कहा कि इसके अलावा किसी अन्य स्थान से गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है।

मतदाता सूची में गलत नाम दर्ज होने और अनियमितताओं के सवाल पर प्रो. यादव ने कहा कि उन्हें फर्जीवाड़े की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गलत नाम होने पर आपत्ति दर्ज कराने के दौरान मतदाताओं को भी सतर्कता बरतनी चाहिए। हर मामले में प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। नागरिकों को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शिक्षक-स्नातक निर्वाचन के राजनीतिक महत्व के सवाल पर उन्होंने कहा कि विधान परिषद का यह चुनाव वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में सपा प्रत्याशियों की जीत का दावा दोहराया।

इस दौरान सैफई की ब्लॉक प्रमुख एवं राजद नेता लालू प्रसाद यादव की समधन मृदुला यादव ने भी मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने अपनी उंगली पर लगी स्याही दिखाकर मताधिकार के प्रयोग की पुष्टि की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित