जालौन , अक्टूबर 06 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में प्रयागराज-झांसी शिक्षक एवं स्नातक खंड निर्वाचन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर ने बताया कि मंगलवार को नामांकन की अंतिम तिथि है। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को झांसी में मतगणना कराई जाएगी। निर्वाचन अधिकारी मंडलायुक्त झांसी हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि जालौन में इस निर्वाचन के लिए 20,999 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान के लिए जिले में 33 मतदेय स्थल और 24 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है। इसके अनुपालन की निगरानी के लिए मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी), वीडियो सर्विलांस और वीडियो वॉचिंग टीमें सक्रिय हैं। टीमें निर्वाचन संबंधी गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उपलब्ध करा रही हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्क्रूटनी और नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की औपचारिक अंतिम सूची सामने आएगी। मतदाता सूची या निर्वाचन संबंधी शिकायत मिलने पर नियमानुसार जांच की जाएगी। आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत पर भी जांच के बाद संबंधित प्रत्याशी को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों और निगरानी टीमों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित