नागपुर , जून 23 -- महाराष्ट्र में नागपुर के ताजबाग इलाके में मदरसा शिक्षक के दोस्त पर एक नाबालिग लड़के से यौन उत्पीड़न की कोशिश के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मदरसे से 10 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। आरोपी की पहचान 26 वर्ष के अताय रसूल उर्फ तालिफ के रूप में हुई है। वह फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुट गयी है।
यह मामला तब सामने आया, जब मध्य प्रदेश के रहने वाले 16 वर्ष के छात्र ने मदरसा मैनेजमेंट को इस उत्पीड़न के बारे में बताया।शिकायत पर सक्करदरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, वह किशोर अरबी और उर्दू की पढ़ाई करने के लिए तोहित नगर की गौसिया कॉलोनी में बने इस मदरसे में रह रहा था। इस मदरसे में 10 बच्चे रह रहे थे, जिनमें से ज्यादातर मध्य प्रदेश और बिहार के हैं। बिहार निवासी आरोपी मदरसा शिक्षक का दोस्त है और वहां आया हुआ था। उसने 18 जून की तड़के वहां सो रहे 16 वर्ष के एक लड़के के साथ यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि वह 18 जून की सुबह-सुबह लड़कों के कमरे में घुसा, जहां छात्र सो रहे था। उसने उनमें से एक के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। पुलिस ने कहा कि जब आरोपी को भनक लगी कि उसके खिलाफ शिकायत दर्ज होने वाली है, तो वहां से फरार हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित