आजमगढ़ , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के लिये होने वाले मतदान से पहले गुरुवार देर शाम उड़नदस्ता टीम ने सिधारी थाना क्षेत्र में एक कार से दो लाख 41 हजार 500 रुपये नकद और भारी मात्रा में चुनाव प्रचार सामग्री बरामद की। मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में हिरासत में लिए गए लोगों ने रुपये लिफाफों में रखकर बांटने जाने की बात बताई है।
उप जिलाधिकारी सदर अविनाश कुमार गौतम ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के अनुपालन में संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान सिधारी थाना क्षेत्र में दौलतपुर पुलिया के पास सफेद रंग की किआ सेल्टोस कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में रखे पांच झोलों से चुनाव प्रचार के पंपलेट, हैंडबिल, मतदाता पर्चियां, बैलेट पेपर के प्रतिरूप और विभिन्न अध्यापकों की मतदाता सूचियां बरामद हुईं।
हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान मऊ जिले के सुभाष सिंह और शिवगोविंद सिंह तथा आजमगढ़ के राजेश कुमार पांडेय और शिवमोहन सिंह के रूप में हुई है। टीम ने नकदी और प्रचार सामग्री के अलावा कार तथा चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में सिधारी थाने में मुकदमा संख्या 431/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 173 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 123(1) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित