रायपुर , सितंबर 01 -- छत्तीसगढ़ में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और सराहनीय योगदान देने वाले 64 शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। पांच सितंबर को आयोजित समारोह में वर्ष 2025-26 के लिए चार शिक्षकों को अलग-अलग विभूतियों के नाम पर स्थापित स्मृति पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में आयोजित समारोह में चयनित शिक्षकों को सम्मान प्रदान किया जाएगा। राज्य शिक्षक सम्मान के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से प्राचार्य, प्रधान पाठक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक सहित शिक्षा विभाग की विभिन्न श्रेणियों के शिक्षकों का चयन किया गया है।

वर्ष 2025-26 के स्मृति पुरस्कारों के लिए राजेश कुमार प्रजापति को डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल स्मृति पुरस्कार, कामता प्रसाद जायसवाल को डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार, प्रज्ञा सिंह को डॉ. मुकुटधर पांडेय स्मृति पुरस्कार और प्रियंका गोस्वामी को गजानंद माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित