पटना , जून 15 -- प्राथमिक शिक्षा निदेशक श्री विक्रम विरकर सोमवार को बच्चों के बीच शिक्षक की भूमिका में नजर आए और इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ कहानियाँ सुनीं, पात्रों एवं घटनाओं पर चर्चा की तथा उनके साथ अपने विचार और अनुभव साझा किये।
बच्चों ने भी अपने इस नए शिक्षक के साथ पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की और अपनी समझ और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया।
बिहार सरकार के शिक्षा विभाग की ओर से राज्यभर में संचालित समर कैम्प-2026 के अंतर्गत लगभग 82 हजार कैम्पों के माध्यम से 12 लाख से अधिक बच्चों को सीखने, पढ़ने और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
श्री विरकर इसी महत्वाकांक्षी पहल के अनुश्रवण के क्रम में आज पटना स्थित बालक मध्य विद्यालय, पुनाईचक, कन्या मध्य विद्यालय, पुनाईचक एवं नवीन पार्क मध्य विद्यालय, राजवंशी नगर पहुंचे और एक शिक्षक की तरह उनके साथ संवाद किया ।
इस दौरान प्राथमिक शिक्षा निदेशक ने बच्चों के साथ गणित की गतिविधि "संख्या चक्र" का संचालन किया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने तार्किक चिंतन, समस्या समाधान क्षमता और गणनात्मक दक्षताओं का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि गतिविधि आधारित शिक्षण बच्चों में सीखने के प्रति उत्साह पैदा करता है और कठिन विषयों को भी सहज एवं आनंददायक बनाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित