शिवपुरी , जुलाई 29 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में शिक्षक की पानी की बोतल से पानी पीने पर एक छात्र की कथित पिटाई और जातिसूचक अपशब्द कहने के आरोप में पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि लुकवासा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम उकावल स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चौथी के छात्र राजू जाटव ने शिक्षक लोकेश शर्मा की पानी की बोतल से पानी पी लिया था। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर शिक्षक ने छात्र की पिटाई की और उसके साथ जातिसूचक अपशब्द कहे।
सूत्रों के अनुसार छात्र के परिजनों ने घटना की शिकायत कोलारस थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मंगलवार शाम शिक्षक के विरुद्ध अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित