सिरसा , जुलाई 13 -- हरियाणा के सिरसा में चुनाव ड्यूटी के दौरान जेबीटी शिक्षक एवं बीएलओ हरपाल सिंह के साथ हुई मारपीट के मामले में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

संघ के जिलाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि हरपाल सिंह चुनाव आयोग के निर्देशानुसार नाथूसरी कलां के बूथ नंबर-73 पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाताओं को फॉर्म वितरित करने और ऑनलाइन अपडेट कराने की ड्यूटी निभा रहे थे।

आरोप है कि 10 जुलाई को सरकारी कार्य के दौरान धर्मवीर मोठिया ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए शिक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आयीं तथा उनके कपड़े भी फट गये।

इस संबंध में थाना नाथूसरी चौपटा में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित