दरभंगा , अक्टूबर 01 -- जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाने और सभी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से 10 हजार युवाओं को नौकरी उपलब्ध कराने की घोषणा करते हुए इसे अपनी व्यक्तिगत गारंटी बताया है।

श्री किशोर ने कहा कि बिहार में दोहरी इंजन की सरकार होने के बावजूद शिक्षा और रोजगार की समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है।

जनसुराज के सूत्रधार गुरुवार को दरभंगा शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी एसपी राय और इम्तियाज नूरानी के नामांकन में शामिल हुए और इस दौरान संवाददाताओं से कहा कि शिक्षकों को लोकसभा चुनाव से पहले सातवां वेतनमान दिलाना और सभी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से 10 हजार युवाओं को नौकरी दिलाना उनकी व्यक्तिगत गारंटी है। उन्होंने कहा कि बिहार में शिक्षा और रोजगार की स्थिति में बदलाव के लिए अब जाति और धर्म से ऊपर उठकर निर्णय लेने की जरूरत है।

श्री किशोर ने मतदाताओं से जन सुराज के उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के रोजगार से जुड़े सवालों का समाधान राजनीतिक प्राथमिकता बनना चाहिए।

जनसुराज के सूत्रधार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि लोग चाहते हैं कि शिक्षित लोग सत्ता के केंद्र में आएं तो एक बार मतपत्र पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के साथी दल के उम्मीदवार को हराकर दिखाएं। इससे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को खुद पता चल जाएगा कि बिहार की जनता ऐसे व्यक्ति को स्वीकार नहीं करती, जिसे उन्होंने बिहार पर थोप दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित