नयी दिल्ली, फरवरी 25 -- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 ने देश में शिक्षा परिवर्तन के लिए एक स्पष्ट दिशा दी है और सरकार का ध्यान हर कदम पर शिक्षकों को सहयोग देने पर केंद्रित है। शिक्षकों को मौजूदा समय में गुणवत्तापूर्ण संसाधनों की आवश्यकता है जो प्रत्येक कक्षा स्तर पर प्रत्येक विद्यार्थी की विविध आवश्यकताओं को पूरा कर सकें।
श्री प्रधान ने मंगलवार को यहां भारती एयरटेल फाउंडेशन और वैश्विक गैर-लाभकारी संस्था, सीके-12 फाउंडेशन, के एक साझेदारी कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि आज एआई अब विलासिता नहीं रहा, यह एक आवश्यकता है। यह पहल हमारे शिक्षकों को सशक्त बनाने के लिए तकनीक के उपयोग की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम है। वर्ष 2024 में 'द टीचर ऐप 'के लॉन्च का हिस्सा रहने के बाद अब इसका यह अगला चरण देखना प्रेरणादायक है, जो देश के स्कूलों में कक्षाओं में एआई के एकीकरण में सहयोग कर रहा है।
देश की शिक्षा व्यवस्था में एआई को तेज गति से अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, भारती एयरटेल फाउंडेशन ने वैश्विक गैर-लाभकारी संस्था, सीके-12 फाउंडेशन, के साथ साझेदारी की है ताकि के-12 के सभी शिक्षकों के लिए 45 से अधिक एआई-सक्षम शिक्षण साधनों को द टीचर ऐप में एकीकृत किया जा सके।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में लॉन्च के बाद मात्र 15 महीनों में 'द टीचर ऐप' ने दो लाख से अधिक शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण पाठ्य सामग्री और शिक्षण अनुभवों से जोड़ा है, जो इस मांग को मजबूती से दर्शाता है।
इसका नया एआई-सक्षम संस्करण शिक्षण प्रक्रिया में सीधे एक सहायक के तौर पर मदद करता है, जो रियल टाइम, कक्षा के अनुसार सहयोग प्रदान करता है और सभी कक्षाओं तथा सभी विषयों के लिए जरूरी कंटेंट तक सहज पहुंच सुनिश्चित करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित