महासमुंद , जुलाई 15 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जम्हारी में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन बुधवार को लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। नाराज छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के मुख्य गेट में तालाबंदी कर धरना शुरू कर दिया है और पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।
छात्रों के अनुसार विद्यालय में करीब 150 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं लेकिन पूरे स्कूल में केवल तीन शिक्षक पदस्थ हैं। उनका कहना है कि गणित, संस्कृत, अर्थशास्त्र, भूगोल, सामाजिक विज्ञान तथा राजनीति विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
छात्रों ने बताया कि वर्ष 2019-20 में शिक्षकों की कमी के कारण विद्यालय में विज्ञान संकाय (साइंस) का संचालन भी बंद हो गया था। वर्तमान में कक्षा 11वीं में केवल कला संकाय संचालित है लेकिन उसमें भी कई प्रमुख विषयों के शिक्षक नहीं होने से विद्यार्थियों का भविष्य अधर पर लटक रहा है।
छात्र-छात्राओं का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसी के विरोध में उन्होंने विद्यालय में तालाबंदी कर धरना शुरू किया है, जो सात दिनों से जारी है।
छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक विद्यालय में रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित