सक्ती , जुलाई 17 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मालखरौदा स्थित शासकीय हिंदी माध्यम स्कूल में शिक्षकों की कमी से नाराज छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और उप जिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय के सामने वीरभाठा-मालखरौदा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शनकारी विद्यार्थी सड़क के बीच दरी बिछाकर बैठ गए, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हुआ। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
छात्रों का कहना है कि विद्यालय में लंबे समय से शिक्षकों के कई पद रिक्त हैं, जिसके कारण नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों ने स्कूल में शीघ्र पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि जब तक विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति अथवा वैकल्पिक व्यवस्था का ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
चक्काजाम की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों को समझाने तथा यातायात बहाल कराने के प्रयास में जुटे। समाचार लिखे जाने तक छात्र अपनी मांग पर अड़े हुए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित