भरतपुर , जुलाई 16 -- राजस्थान में करौली जिले के सपोटरा तहसील के अडूदा गांव में शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में धरना प्रदर्शन करते हुए स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय में लंबे समय से अध्यापकों के कई पद रिक्त होने के कारण नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है और विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लगा है।

इसकी जानकारी मिलने पर शिक्षाधिकारी मौके पर पहुंच गये और उन्होंने विद्यार्थियों और ग्रामीणों से बातचीत की और पांच दिन में विद्यालय में तीन शिक्षकों की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने विद्यालय का ताला खोल दिया। हालांकि आश्वासन के बावजूद विद्यार्थियों ने कक्षाओं में प्रवेश करने से इन्कार कर दिया। छात्रों ने कहा कि जब तक तीनों शिक्षक विद्यालय में पहुंचकर कार्यभार ग्रहण नहीं कर लेते, तब तक वे विद्यालय परिसर के बाहर ही धरने पर बैठे रहेंगे और कक्षाओं का बहिष्कार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित