रायबरेली , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षकों एवं स्नातकों के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए काम किया है। गुरुजनों और प्रबुद्धजनों ने देश की आजादी से लेकर राष्ट्र के विकास तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

डॉ. मनोज कुमार पांडेय रविवार को रायबरेली के पंडित दीनदयाल सभागार में आयोजित स्नातक एवं शिक्षक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों और प्रबुद्धजनों ने देश को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दिया है। इसके बावजूद कुछ लोगों ने प्रदेश में शिक्षकों का शोषण किया, स्नातकों पर लाठियां चलवाईं और समाज को जातियों में बांटने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों ने उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया और प्रदेश की पहचान को कमजोर किया। अब उन्हें सबक सिखाने का समय है।

मंत्री ने भाजपा के शिक्षक प्रत्याशी उमेश द्विवेदी और स्नातक प्रत्याशी अवनीश पटेल के समर्थन में मतदान की अपील करते हुए कहा कि उमेश द्विवेदी का 12 वर्षों का कार्यकाल शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष के रूप में जाना जाता है। वहीं, अवनीश पटेल अपने व्यवहार तथा सभी के सम्मान और अधिकारों के लिए आवाज उठाने के लिए पहचाने जाते हैं।

उन्होंने कहा कि दोनों प्रत्याशियों के विधान परिषद पहुंचने से शिक्षकों और स्नातकों की समस्याओं को सदन में प्रभावी ढंग से उठाने तथा उनके समाधान का रास्ता मजबूत होगा। सम्मेलन में उपस्थित लोगों ने ऊंचाहार क्षेत्र से शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशियों उमेश द्विवेदी और अवनीश पटेल को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर 400 से अधिक शिक्षक एवं स्नातक मतदाता, प्रबंधक और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित