महासमुंद , अक्टूबर 07 -- छत्तीसगढ़ में महासमुंद जिले के बागबाहरा वन परिक्षेत्र में जंगली सूअर के शिकार की सूचना पर जांच के लिए पहुंची वन विभाग की टीम पर कथित रूप से 40 से 50 लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

वन विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार घटना बागबाहरा वन परिक्षेत्र के तमोरा गांव स्थित कक्ष क्रमांक 95 और 96 की है। कल रात वन अमले को क्षेत्र में जंगली सूअर के शिकार की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वनकर्मी निरीक्षण के लिए जंगल पहुंचे थे।

आरोप है कि इसी दौरान करीब 40 से 50 महिला-पुरुषों के समूह ने वन अमले को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में वन परिक्षेत्र अधिकारी नवीन वर्मा सहित डिप्टी रेंजर, वन रक्षक और वॉचर समेत छह वनकर्मियों के साथ मारपीट की गई।

बताया गया है कि हमलावरों ने वन परिक्षेत्र अधिकारी नवीन वर्मा, आमाकोनी के डिप्टी रेंजर नवीन शर्मा और चौकीदार राकेश ध्रुव को जंगल में ही बंधक बना लिया। आरोप है कि तीनों को करीब छह घंटे तक बंधक रखकर गाली-गलौज और मारपीट की गई।

बंधक बनाए गए वनकर्मियों ने किसी तरह मोबाइल फोन के जरिए विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस और वन विभाग के अधिकारी रात में ही मौके पर पहुंचे और बंधक बनाए गए कर्मियों को छुड़ाया।

घटना में घायल वनकर्मियों का रात में ही स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित