मैनपुरी , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतों के निस्तारण में देरी होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। मंत्री शनिवार को मैनपुरी स्थित ट्रांजिट हॉस्टल में जनशिकायतें सुन रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बदलते मौसम के मद्देनजर सतर्क रहने, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त दवाएं और जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक भूमि से अवैध कब्जे हटवाने और कमजोर वर्ग के लोगों की जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करने को भी कहा।
कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि किसानों को मांग के अनुरूप डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें उर्वरकों के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने कृषि यंत्रों पर मिलने वाली अनुदान राशि किसानों के खातों में हस्तांतरित करने, नहरों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और खराब सरकारी नलकूपों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए समय से पानी मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने अवैध कब्जे, भूमि की पैमाइश, फर्जी बैनामे, पट्टे की जमीन पर कब्जे, जबरन प्लाटिंग और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने सहित विभिन्न समस्याएं उठाईं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए शिकायतों का तत्काल गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, डिप्टी कलेक्टर मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर अशोक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित