नूंह , जुलाई 27 -- हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने सोमवार को नूंह स्थित मिनी सचिवालय में जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कुल 14 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 11 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि तीन मामलों को अगली बैठक तक लंबित रखते हुए प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
विपुल गोयल ने बताया कि दो मामलों में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किए गए हैं। तौरू निवासी रजनी की शिकायत पर एसडीएम, डीएसपी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी की संयुक्त एसआईटी बनाई गई है, जबकि रसूलपुर निवासी मनीषा की वन स्टॉप सेंटर में कथित दुर्व्यवहार और छेड़छाड़ की शिकायत की जांच के लिए डीएसपी की अध्यक्षता में अलग एसआईटी गठित की गई है।
शिक्षा विभाग से जुड़ी शिकायतों पर मंत्री ने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण कर एक माह के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों की चारदीवारी, बिजली व्यवस्था, ट्रांसफार्मर सुरक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित