नयी दिल्ली , अगस्त 07 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 12 अगस्त को भारत मंडपम में अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) एवं भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 (बीवीएम 2026) का उद्घाटन करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मलेन में कहा कि इस महोत्सव का आयोजन भारत की व्यापारिक, औद्योगिक और उद्यमशील क्षमताओं को वैश्विक मंच पर स्थापित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यह महोत्सव केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नये भारत की आर्थिक शक्ति, आत्मविश्वास, नवाचार और वैश्विक महत्वाकांक्षाओं का विराट उत्सव है।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी के 'वोकल फॉर लोकल', 'लोकल टू ग्लोबल' और 'आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प को धरातल पर उतारने वाला एक ऐतिहासिक आयोजन है। इसका उद्देश्य भारतीय निर्माताओं, व्यापारियों, स्टार्टअप्स, सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), महिला उद्यमियों, कारीगरों और सेवा क्षेत्र की प्रतिभाओं को ऐसा मंच प्रदान करना है, जहाँ से वे न केवल देश बल्कि पूरी दुनिया के बाजारों तक अपनी पहुंच बना सकें।

कैट राष्ट्रीय महामंत्री ने बताया कि श्री 12 अगस्त इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। उनके साथ केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा कैट की रणनीतिक सलाहकार स्मृति ईरानी भी उपस्थित रहेंगी। इसके साथ ही कई अन्य केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ प्रशासक, उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधि तथा विभिन्न देशों के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी इस अवसर पर शामिल होंगे।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव देश का अब तक का सबसे बड़ा 'मेड इन इंडिया' व्यापारिक आयोजन है, जो पूरी तरह भारतीय उत्पादों, सेवाओं, तकनीकों और नवाचारों को समर्पित है। देश के विभिन्न राज्यों से 700 से अधिक स्टॉल इस महोत्सव में भाग ले रहे हैं, जबकि लाखों व्यापारिक आगंतुकों, संस्थागत खरीदारों, उद्योगपतियों और उद्यमियों के इसमें शामिल होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त 40 से अधिक देशों से आने वाले व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल और खरीदार इसे एक वास्तविक ग्लोबल बिजनेस प्लेटफॉर्म का स्वरूप प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह निर्माता से लेकर निर्यातक, स्टार्टअप से लेकर बड़े उद्योग, महिला उद्यमी से लेकर ग्रामीण कारीगर और पारंपरिक व्यवसाय से लेकर आधुनिक तकनीकी कंपनियों तक सभी को एक ही मंच पर लाता है। चार दिवसीय आयोजित होने वाले इस महोत्सव में बायर-सेलर मीट, बी2बी एवं बी2जी नेटवर्किंग सत्र, निवेश एवं निर्यात संवाद, स्टार्टअप शोकेस, तकनीकी प्रदर्शनियां तथा विशेष विषयों पर पैनल चर्चाएं व्यापार विस्तार के नए द्वार खोलेंगी।

उन्होंने बताया कि महोत्सव में भारत की सांस्कृतिक और आर्थिक विविधता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। जीआई टैग प्राप्त उत्पाद, हस्तशिल्प, हथकरघा, ग्रामीण एवं कुटीर उद्योगों के उत्पाद जहाँ भारत की समृद्ध परंपरा को प्रदर्शित करेंगे, वहीं डिजिटल कॉमर्स, फिनटेक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), लॉजिस्टिक्स, हरित प्रौद्योगिकी और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्र भारत के आधुनिक आर्थिक सामर्थ्य का परिचय देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित