नयी दिल्ली , अगस्त 15 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को राजस्थान के अलवर में अलवर सरस डेयरी परिसर में नवीन डेयरी संयंत्र का शिलान्यास करेंगे और इस अवसर पर विभिन्न दुग्ध संघों के डेयरी प्रोसेसिंग एवं पशु चारा संयंत्रों का ई-लोकार्पण भी करेंगे। सहकारिता मंत्रालय की शनिवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि अलवार के विजयनगर ग्राउंड में आयाेजित इस कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री द्वारा नये केन्द्रीय सहकारी बैंकों के गठन की घोषणा की जाएगी तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को रिमोट के माध्यम से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए राशि हस्तांतरित की जायेगी। इनमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी शामिल होंगे।

समारोह में राजस्थान के 17 जिलों में 6,262 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का ई-शिलान्यास एवं ई-लोकार्पण किया जायेगा। साथ ही, रोजगार उत्सव के अंतर्गत 10548 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किये जायेंगे।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि श्री शाह के हाथों जिन परियोजनाओं और संयंत्रों का उद्घाटन किया जा रहा है उनसे राज्य में डेयरी सहकारी क्षेत्र की प्रसंस्करण एवं उत्पादन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इनसे आधुनिक डेयरी अवसंरचना को बढ़ावा मिलेगा, दुग्ध उत्पादकों के लिए बेहतर अवसर सृजित होंगे तथा सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में योगदान मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित