चंडीगढ़ , नवंबर 04 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हरियाणा दौरे से पहले कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए प्रदेश के कई मुद्दों पर जवाब मांगा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि श्री शाह को लोकतंत्र बचाने की बात करने से पहले हरियाणा की जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा का 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान कई सवाल खड़े करता है। चुनावी पारदर्शिता और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही पर सवाल उठाना अराजकता कैसे हो सकता है? उन्होंने 2024 के विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा उठाए गए कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति समिति से भारत के मुख्य न्यायाधीश को बाहर करने तथा चुनाव आयुक्तों को कानूनी संरक्षण देने वाले 2023 के कानून पर भी सवाल उठाए। नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता में जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है।
बयान में हरियाणा की कानून-व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ अपराध और महिला पहलवानों के आंदोलन का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि न्याय की मांग करने वाली देश की महिला पहलवानों के साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया। किसानों के मुद्दे पर पार्टी ने एमएसपी की कानूनी गारंटी, फसल खरीद, भुगतान में देरी और उचित मुआवजे की मांगों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान किसानों के साथ किए गए व्यवहार पर भी जवाब मांगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित