रायपुर, 16 मई 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित बस्तर प्रवास की तैयारियों का शुक्रवार को जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जगदलपुर विकासखंड के नेतानार स्थित शहीद गुण्डाधुर सेवा डेरा पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के अनुरूप निजी वाहन के बजाय सांसद महेश कश्यप, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बस से यात्रा की। उन्होंने सेवा डेरा परिसर में संचालित सेवा सेतु केंद्र, बैंक सखी केंद्र तथा महिला स्व सहायता समूहों द्वारा संचालित आर्थिक गतिविधियों का अवलोकन किया और समूह की महिलाओं से चर्चा कर स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन के प्रयासों की सराहना की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की महिलाएं स्व सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में बेहतर कार्य कर रही हैं तथा सेवा सेतु केंद्र शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने शहीद गुंडाधुर की प्रतिमा स्थल का भी निरीक्षण किया तथा साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, रंग-रोगन एवं सजावट की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि शहीद गुंडाधुर की स्मृति से जुड़ा यह स्थल बस्तर के गौरव का प्रतीक है और यहां सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित होनी चाहिए।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव निहारिका बारीक, सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास भीम सिंह, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित