अलवर , अगस्त 14 -- राजस्थान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 16 अगस्त को प्रस्तावित अलवर दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए करीब 1500 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया जायेगा। सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था, पार्किंग, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भीड़ की सुरक्षित निकासी के लिए व्यापक योजना तैयार की गयी है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने शुक्रवार को सभास्थल का दौरा करके सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सुरक्षा दल के साथ बैठक हो चुकी है और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर पूरी व्यवस्था की जा रही है।
श्री चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में करीब 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जायेगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत आसपास की ऊंची इमारतों पर भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। कार्यक्रम स्थल के आसपास आने-जाने वाले लोगों की निगरानी के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जायेगी। भीड़ और वाहनों को नियंत्रित करने के लिए विधानसभा वार करीब 13 पार्किंग स्थल चिन्हित किये गये हैं। प्रत्येक पार्किंग स्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की तैनाती रहेगी, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
कार्यक्रम में आने वाली बसों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। बसों की जीपीएस के जरिए निगरानी की जाएगी, जिससे उनके आवागमन और निर्धारित रूट की निगरानी की जा सके।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। अलवर में सुरक्षा का ऐसा घेरा तैयार किया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित