कोलकाता , मार्च 03 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दक्षिण बंगाल में आक्रामक चुनावी मुहिम के जवाब में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी आठ मार्च को दक्षिण 24 परगना जिले के रायदीघी मैदान में जनसभा करेंगे।
श्री शाह ने सोमवार को दक्षिण 24 परगना के मथुरापुर संगठनात्मक जिले के अंतर्गत रायदीघी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 'परिवर्तन यात्रा' के तहत एक रैली को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और राज्य सरकार पर कई आरोप लगाए थे।
इसके जवाब में श्री बनर्जी ने उसी मैदान में आठ मार्च को सभा करने की घोषणा की है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय भाजपा के कथानक का उसी स्थल पर जवाब देने और आगामी चुनावी मुकाबलों से पहले संगठनात्मक ताकत दिखाने के उद्देश्य से लिया गया है।
गौरतलब है कि भाजपा ने रविवार को औपचारिक रूप से 'परिवर्तन यात्रा' की शुरुआत की थी और रायदीघी में श्री शाह की रैली को दक्षिण बंगाल अभियान का प्रमुख कार्यक्रम माना जा रहा है।
तृणमूल नेतृत्व श्री बनर्जी की प्रस्तावित सभा को भाजपा के अभियान का प्रतीकात्मक और रणनीतिक जवाब मान रहा है। हाल के समय में यह पहला अवसर होगा जब श्री बनर्जी किसी वरिष्ठ भाजपा नेता द्वारा उपयोग किए गए ठीक उसी स्थल पर जवाबी रैली करेंगे। विधानसभा चुनाव 2021 से पहले भी श्री बनर्जी ने उत्तर और दक्षिण बंगाल में श्री शाह सहित अन्य भाजपा नेताओं की सभाओं के जवाब में कई प्रतिउत्तर सभाएं की थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित