नयी दिल्ली , जून 22 -- केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार को यहां अटल अक्षय ऊर्जा भवन में भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ 'नाफेड' के नीलामी पोर्टल 'नेफेक्स इन' का शुभारंभ करेंगे।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर नाफेड के अध्यक्ष जेठाभाई अहीर, प्रबंध निदेशक दीपक अग्रवाल और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान श्री शाह नाफेड की कई महत्वपूर्ण डिजिटल और किसान-केंद्रित पहलों का शुभारंभ करेंगे।

इनमें किसानों के बच्चों के लिए नाफेड-कल्याण छात्रवृत्ति, दलहन एवं तिलहन के इन्वेंटरी मैनेजमेंट के लिए दृष्टि पोर्टल और एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग को मजबूत करने के लिए ईआरपी पोर्टल शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान नीलामी पोर्टल पर लाइव पंजीकरण का प्रदर्शन और नीलामी प्रक्रिया का शुभारंभ भी किया जाएगा।

इस पोर्टल की शुरूआत नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता और संचालन की सुगमता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पोर्टल नीलामी से संबंधित गतिविधियों को व्यवस्थित करने और किसानों, सदस्य संस्थाओं तथा हितधारकों के हित में नाफेड की समग्र कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा।

इस अवसर पर सहकारिता मंत्री किसानों के बच्चों को नाफेड कल्याण छात्रवृत्ति के चेक भी वितरित करेंगे। यह पहल किसान कल्याण और किसानों के बच्चों की शिक्षा को सहयोग देने की दिशा में नाफेड की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

शुभारंभ कार्यक्रम के बाद श्री शाह नाफेड के निदेशक मंडल के सदस्यों से भेंट करेंगे। इस बैठक में नाफेड द्वारा गतिविधियों और प्रगति पर प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें केन्द्रीय मंत्री द्वारा पिछले दौरे के दौरान दिए गए निर्देशों पर की गई कार्रवाई तथा नाफेड के भविष्य के रोडमैप पर चर्चा होगी ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित