नयी दिल्ली , मार्च 05 -- केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को ओडिशा के मुंडली में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के 57वें स्थापना दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे। गृह मंत्री भुवनेश्वर में राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) के परिसर का भूमिपूजन करेंगे और आधारशिला रखेंगे इसके ट्रांजिट परिसर का वर्चुअल रूप से उद्घाटन भी करेंगे।
श्री शाह एनएफएसयू परिसर के साथ स्थित केन्द्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भुवनेश्वर का भूमिपूजन भी करेंगे। वह भुवनेश्वर में 'नूतन न्याय संहिता' पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी करेंगे। इस अवसर पर केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, केंद्रीय गृह सचिव, एनएफएसयू के संस्थापक कुलपति सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित होंगे।
केन्द्रीय गृह मंत्री, गृह मंत्रालय से संबंधित पहलों के अंतर्गत पुलिस अवसंरचना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अनेक पुलिस स्टेशन भवनों का वर्चुअल उद्घाटन और कई पुलिस स्टेशनों में अनेक सुविधाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अतिरिक्त भारतीय प्रोद्योगिकी संस्थान , भुवनेश्वर और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के साथ समझौता-ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित