उज्जैन , सितंबर 28 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान सोमवार सुबह हंगामा हो गया। विरोध कर रही भीड़ और पुलिस के बीच पथराव हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। घटना में क्राइम ब्रांच में पदस्थ थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट आई।
पुलिस के अनुसार हंगामे के बाद 10 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें पांच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताए गए हैं, जिन पर माहौल बिगाड़ने का आरोप है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आई है।
शाही मस्जिद का सड़क की ओर निकला करीब नौ फीट लंबा और चार फीट चौड़ा हिस्सा हटाया जाना है। कार्रवाई के दौरान प्रभावित हिस्से को ग्रीन नेट से ढंक दिया गया। इस बीच मुस्लिम समाज के कुछ लोगों ने मस्जिद के संबंधित हिस्से को स्वयं हटाने की प्रक्रिया शुरू की।
विरोध के दौरान मुस्लिम महिलाओं ने नाका नंबर पांच पर सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने आसपास की गलियों में बाहरी लोगों की आवाजाही रोक दी और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। पथराव के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
पुलिस के अनुसार महिलाओं को हटाने के दौरान उन्हें सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने की कार्रवाई में थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल के हाथ में चादर के कोने से कट लग गया। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने बताया कि किसी महिला को चोट नहीं आई।
शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने की कार्रवाई सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण परियोजना से जुड़ी है। इस मामले में उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ में सोमवार को सुनवाई भी प्रस्तावित है। उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ इससे पहले मस्जिद के एक हिस्से को हटाने के संबंध में दायर याचिकाएं खारिज कर चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित