बारां , मई 21 -- राजस्थान में बारां जिले के शाहाबाद क्षेत्र में जंगल और पर्यावरण संरक्षण को लेकर चल रहा जनआंदोलन अब तेज होता जा रहा है।

'शाहाबाद जंगल बचाओ' अभियान के तहत गुरूवार को आयोजित दूसरी महारैली में हाड़ौती, जयपुर सहित राजस्थान और पड़ोसी राज्यों से आए एक हजार से अधिक पर्यावरण प्रेमियों, युवाओं और ग्रामीणों ने शामिल होकर जंगल बचाने की आवाज बुलंद की।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे गब्बर यादव ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि शाहाबाद के वन क्षेत्र में प्रस्तावित हाइड्रो पावर परियोजना से बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई और पर्यावरणीय नुकसान की आशंका है। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल इस परियोजना को निरस्त करे और जंगलों की कटाई पर रोक लगाए।

महारैली में पर्यावरणविद् डॉ. सुधांशु, डॉ. सुधीर, रोबिन सिंह और बृजेश विजयवर्गीय सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। हाड़ौती अंचल और मध्यप्रदेश से बड़ी संख्या में युवाओं ने भी आंदोलन में भागीदारी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित