बारां , सितम्बर 28 -- राजस्थान में बारां जिले के शाहबाद क्षेत्र के सघन वनों और समृद्ध जैव विविधता पर मंडराते संकट के खिलाफ जन आक्रोश अब सड़कों पर उतर आया है।
ग्राम कलोनी में प्रस्तावित शाहपुरा पम्प्ड स्टोरेज विद्युत संयंत्र के विरोध में शाहबाद घाटी संरक्षण संघर्ष समिति, बारां की ओर से चलाये जा रहे शाहबाद जंगल बचाओ आंदोलन को क्षेत्रवासियों का समर्थन मिल रहा है।
युवा पर्यावरण प्रेमी गब्बर सिंह यदुवंशी और उनके साथियों के नेतृत्व में शाहबाद तहसील के 237 गांवों में जनजागरण के लिए निकाली जा रही जन क्रांति पदयात्रा के कस्बाथाना पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर आयोजित आमसभा के बाद श्रीराम रंगमंच, पुराना बस स्टैंड से निमझिरिया तक जनजागरण रैली निकाली गयी। रैली में शामिल लोगों ने "शाहबाद का जंगल बचाना है, आने वाली पीढ़ी का भविष्य सजाना है" और "जंगल-जमीन हमारा है, विनाशकारी प्रोजेक्ट वापस लो" जैसे नारे लगाये। पदयात्रियों ने कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरकर लोगों को आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया।
सभा को संबोधित करते हुए चंबल संसद, कोटा के संरक्षक यज्ञदत्त हाड़ा ने कहा कि शाहबाद घाटी हाड़ौती का फेफड़ा और जीवनरेखा है। विकास के नाम पर सघन वन और संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र को नुकसान पहुंचाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जायेगा।
चंबल संसद के समन्वयक बृजेश विजयवर्गीय ने कहा कि हरित ऊर्जा की आड़ में जंगलों को नुकसान पहुंचाने की आशंका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित