बैतूल , नवंबर 04 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने त्योहारी और मिलावट विरोधी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए शाहपुर में एक प्रतिष्ठान से 150 किलोग्राम संदिग्ध मिठाई जब्त की है। जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में औचक निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के कुल 39 नमूने भी जांच के लिए संकलित किए गए हैं। जब्त मिठाई की अनुमानित कीमत 37 हजार 500 रुपये बताई गई है।

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के मार्गदर्शन तथा कार्यालय आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक भोपाल के निर्देश पर विभाग की टीमों ने यह कार्रवाई की। शाहपुर तहसील की पांच प्रमुख मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर मिठाइयों के 15 नमूने लिए गए। इस दौरान एक दुकान पर मिठाई की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर 150 किलोग्राम मिठाई जब्त की गई।

इसके अलावा आमला तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों से मावे के छह नमूने, चिचोली क्षेत्र की चार दुकानों से मिठाई और नमकीन के 14 नमूने तथा गुदगांव चौपाटी से खाद्य पदार्थों के चार नमूने लिए गए। इस प्रकार कुल 39 नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान खाद्य कारोबारियों को राज्य शासन द्वारा एनालॉग डेयरी उत्पादों पर लगाए गए प्रतिबंधों की जानकारी दी गई। दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छता संबंधी मानकों का पालन करने और व्यवसाय से जुड़े आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित