सागर , मई 25 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के सानौधा थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर चौकी इलाके में हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार फरियादी सूरज अहिरवार निवासी शाहपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शराब बेचने के संदेह में आरोपी नीलेश अहिरवार, भगवत पटैल, अंशुल यादव, छोटू उर्फ हर्ष सिंह लोधी और अभिषेक पटैल ने उसका तथा नीरज प्रजापति का रास्ता रोककर गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए लाठी एवं लोहे की रॉड से मारपीट की।
घटना में गंभीर रूप से घायल नीरज प्रजापति की मौके पर मृत्यु हो गई थी, जबकि घायल सूरज अहिरवार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी अपने परिजनों से मिलने आने वाला है और इसके बाद प्रदेश से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने शाहपुर-किंद्राहो मार्ग पर नाकेबंदी की। इस दौरान एक काले रंग की बोलेरो वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम छोटू उर्फ हर्ष लोधी निवासी किंद्राहो बताया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी शाहपुर शराब कंपनी का लाइसेंसधारी है और घटना के बाद नेपाल, उत्तरप्रदेश तथा बीना क्षेत्र में फरार रहा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 35 हजार रुपए नकद, घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, लोहे की रॉड तथा शराब दुकान के लाइसेंस संबंधी दस्तावेज जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित