बैतूल , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के शाहपुर क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने विभिन्न गांवों में दबिश देकर छह प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई के दौरान 15 लीटर हाथ भट्टी मदिरा और 340 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 36 हजार 250 रुपये बताया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आबकारी वृत्त शाहपुर के अंतर्गत घोड़ाडोंगरी, रायपुर, नारायणपुर, गोलाई और पहवाड़ी गांवों में टीम ने दबिश देकर कार्रवाई की।
जिला आबकारी अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह चढ़ार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत छह प्रकरण दर्ज किए गए हैं। मौके से 15 लीटर हाथ भट्टी मदिरा तथा शराब बनाने में प्रयुक्त 340 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया।
कार्रवाई आबकारी वृत्त शाहपुर के उप निरीक्षक पंकज लोखंडे के नेतृत्व में की गई। टीम में आबकारी कर्मचारी कुंवारशाह धुर्वे, विनय मालवीय और सुनील पोटफोड़े शामिल रहे। विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित