देहरादून , जुलाई 09 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में स्कूली छात्रों को स्मैक बेचने आया एक तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिससे लाखों रुपये की स्मैक बरामद हुई है।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रवेंद्र डोभाल ने गुरुवार को बताया कि कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने बुधवार को एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर का नाम विनीत सिंह पुत्र हरीश चंद्र है। तस्कर के पास से 8.45 ग्राम स्मैक बरामद किया गया है। स्मैक तस्कर उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिला के जलालाबाद कस्बा के ककराला गांव का रहने वाला है। बरामद स्मैक की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग दो लाख 55 हजार रुपए आंकी गयी है।
पुलिस ने तस्कर से पूछताछ के आधार पर बताया कि वह मूल रूप से शाहजहांपुर का रहने वाला है। पैसों की जरूरत के चलते उक्त स्मैक को वह शाहजहांपुर के एक युवक से खरीद कर लाया था, जिसका नाम पता वह नहीं जानता है। बरामद स्मैक को वह देहरादून में पढ़ने वाले छात्रों को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर महंगे दामों पर बेचने के लिए आया था। पुलिस ने छात्रों को स्मैक बेचने से पहले ही उसे पकड़ लिया। पुलिस ने स्मैक और जिस कार से वह देहरादून आया था, दोनों को जब्त कर लिया है और एनडीपीएस अधिनियम के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित