शाहजहांपुर , जून 28 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना कांट क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर तैनात वरिष्ठ चिकित्सक का शव रविवार सुबह उनके सरकारी आवास से बरामद हुआ है।उनके शरीर से हल्का रक्त निकल रहा था। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी सदर (सीओ) शुभम वर्मा ने रविवार को बताया कि थाना कांट क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर तैनात वरिष्ठ चिकित्सक डॉ राजीव मल्होत्रा (62) से उनके सहकर्मी ने फोन से संपर्क किया तो कोई जवाब नहीं मिला बार बार फोन करने के बाद भी जवाब न मिलने पर सहयोगी उनके सरकारी आवास पहुंचे जहां मुख्य द्वार अन्दर से बंद था और डॉक्टर ने कोई जवाब नहीं दिया । सहकर्मी की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर शुभम वर्मा और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर डॉ. मेहरोत्रा का शव जमीन पर पड़ा मिला। मौके पर प्रारंभिक जांच के दौरान उनकी आंख पर चश्मा लगा था तथा हल्का रक्तस्राव भी दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
उन्होंने बताया कि पुलिस को उनके साथ काम करने वाले सहकर्मी से पता चला कि डॉ. राजीव मेहरोत्रा डायबिटीज सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी पीड़ित थे। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हृदयाघात (हार्ट अटैक) से मौत की आशंका जताई है।डॉ. राजीव मेहरोत्रा मूल रूप से सीतापुर जिले के निवासी थे और वर्ष 2019 से कांट सीएचसी में तैनात थे। घटना की सूचना उनके परिजन को दे कर शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत्यु के वास्तविक कारण का पतापोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित