शाहजहांपुर , जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना कांट क्षेत्र में शनिवार देर रात शादी समारोह से घर लौटते समय तेज रफ्तार ईको कार ने मोटर साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में साले-बहनोई की मौत हो गई। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी सदर शुभम वर्मा ने रविवार को बताया कि जलालाबाद थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी ब्रह्म सिंह (30) अपने साले अंशुक (24) निवासी सरैयां थाना तिलहर, के साथ कांट क्षेत्र के बंडेली गांव में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह से लौट रहे थे। बरेंडा खंदुआ गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ईको कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में ब्रह्म सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा गंभीर रूप से घायल अंशु को मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद ईको चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।तथा वाहन को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित