शाहजहांपुर , अगस्त 24 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए व्यापक निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक मिठाई कारखाने में करीब छह सौ किलोग्राम खराब मिठाई मिलने पर उसे मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी सोमवार को बताया कि जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तीन टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने निगोही रोड स्थित श्यामतपुर गौटिया में कादिर हसन सकलैनी ट्रेडर्स के मिठाई कारखाने पर छापा मारकर गुणवत्ता के संदेह में रसभरी, बर्फी के दो नमूने, लौज तथा रिफाइंड पामोलीन ऑयल का एक-एक नमूना लिया।कारखाने में पांच टिन और 18 प्लास्टिक कंटेनरों में रखी खराब रसभरी, गुलाब जामुन, बर्फी, पेड़ा और सोहन पपड़ी मिली। करीब 600 किलोग्राम खराब मिठाई, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख 20 हजार रुपये है जिसको मौके पर गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया गया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक को भविष्य में खराब मिठाई का भंडारण नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिठाई बनाने और रखने में इस्तेमाल किए जा रहे लोहे के बर्तनों में जंग लगी पाए जाने पर उन्हें तत्काल परिसर से हटवा दिया गया। संचालक को खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण के लिए स्टेनलेस स्टील के बर्तनों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए।
तिलहर तहसील के खुदागंज स्थित सत्यम स्वीट से मिल्क केक और पेड़ा के नमूने तथा अजीजगंज से दूध का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।सत्यम स्वीट पर मानक के अनुरूप साफ-सफाई नहीं मिलने तथा खाद्य पदार्थ खुले और अव्यवस्थित ढंग से रखे पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित