शाहजहांपुर , जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत रविवार को शाहजहांपुर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का शुभारंभ प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया। इस अवसर पर उन्होंने लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर के साथ हरिशंकरी का पौधा रोपकर वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ किया।
प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि वन विभाग द्वारा विकास खंड भावलखेड़ा के सेना भूमि क्षेत्र-1 में तीन हेक्टेयर क्षेत्रफल में 7,500 पौधों का रोपण किया गया। इस वर्ष जनपद को 52.55 लाख पौधरोपण का लक्ष्य मिला है, जिसमें 6.21 लाख पौधे वन विभाग तथा 46.34 लाख पौधे अन्य विभागों द्वारा लगाए जाएंगे।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन की चुनौती का सबसे प्रभावी समाधान वृक्षारोपण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अब तक 242 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। इस वर्ष 37 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें 35 करोड़ पौधे एक ही दिन लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर में 52.55 लाख पौधरोपण का लक्ष्य जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों तथा सामाजिक संगठनों के सहयोग से पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा, सिंचाई और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। अधिकाधिक वृक्षारोपण से ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव को कम करने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन शासन की मंशा के अनुरूप अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित