शाहजहांपुर , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना खुटार क्षेत्र में वन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में करीब 300 बीघा (लगभग 20 हेक्टेयर) वन भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। यह भूमि पिछले कई दशकों से कथित रूप से अवैध कब्जे में थी।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि किसानों द्वारा जंगल की भूमि पर कब्जा कर खेती की जा रही थी। वन विभाग ने कई बार कब्जा हटाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वन अधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (पुवायां) प्रवीण मलिक के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटाया और जेसीबी मशीनों से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को हटाते हुए भूमि को वन विभाग के कब्जे में दिलाया।
कार्रवाई के दौरान कुछ किसानों ने 1952 के पट्टे होने का दावा करते हुए विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन ने दस्तावेजों के आधार पर भूमि को वन विभाग की संपत्ति बताते हुए कब्जा मुक्त कराने की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस का कहना है कि आगे भी अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित